जिला अस्पताल में ईएनटी विभाग मरीज के कान की जांच करते डॉ. एसएस कन्नौजिया संवाद
बस्ती। जिले में मौसम में बदलाव के साथ ही पेट संबंधी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में उल्टी-दस्त और पेट दर्द व डायरिया संबंधी मरीजों की संख्या अधिक रही। ऐसे रोगियों की जांच हुई, जिसमें संक्रमण पाया गया।
जिला अस्पताल के बाल रोग विभाग में डॉ. पीएस पटेल बच्चों को परामर्श दिए। उन्होंने बताया कि कई बच्चे उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत लिए आए थे। कई के पेट में संक्रमण था। डायरिया वाले बच्चों को चिल्ड्रेन वार्ड भेजकर भर्ती कराया गया। बताया कि यह बदलता मौसम बच्चों का हाजमा बिगाड़ रहा है। अभिभावक सतर्कता बरते। इसके अलावा मेडिसिन विभाग में खांसी व जुकाम से संबंधित मरीजों की संख्या सामान्य से अधिक रही। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण ओपीडी में लंबी कतारें लगी रहीं। मरीजों को बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।
चिकित्सक डॉ. अखिलेश मद्धेशिया का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंडक के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। ऐसे मौसम में दूषित भोजन और पानी से बचना बेहद जरूरी है। दिक्कत होने पर मरीज को अस्पताल लाकर इलाज कराएं।