बस्ती। बदलते मौसम का असर अब बच्चों के स्वास्थ्य पर अधिक पड़ रहा है। जिला अस्पताल के बाल रोग ओपीडी में इन दिनों उल्टी-दस्त, वायरल बुखार और जलजनित बीमारियों से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ गई है। पेट दर्द और संक्रमण से बच्चे परेशान हैं। बच्चों को पूरी तरह स्वस्थ होने में 5 से 7 दिन तक का समय लग रहा है।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीएस पटेल ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। इसके चलते रोजाना 10 से 15 बच्चों को उल्टी-दस्त, तेज बुखार और संक्रमण की गंभीर स्थिति में भर्ती करना पड़ रहा है, जबकि कई दिनों में यह संख्या 20 तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि रोजाना बाल रोग ओपीडी 100 से अधिक बच्चे उपचार के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें अधिकतर वायरल संक्रमण और जलजनित बीमारियों से पीड़ित हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज शुक्ल ने बताया कि इन दिनों वायरल बुखार, उल्टी, दस्त और पेट संबंधी संक्रमण तेजी से फैल रहे हैं। बाहर का खुला एवं बासी भोजन, दूषित पानी और गंदगी संक्रमण का प्रमुख कारण बन रहे हैं। चिकित्सकों ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में लगातार बुखार, उल्टी, दस्त, कमजोरी या पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के लक्षण दिखाई दें तो घरेलू इलाज या बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा देने की बजाय तुरंत जिला अस्पताल या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
वहीं, वर्तमान में चिल्ड्रेन वार्ड फुल हो गया है। अधिकांश बच्चे हाईग्रेड फीवर व पेट दर्द के हैं। फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा का कहना है कि बदलते मौसम में संक्रमण वाले मरीज आ रहे हैं। अत्याधिक पसीना गिरने से मरीज परेशान हो रहे हैं। बुधवार को 978 मरीजों को परामर्श दिया गया। मेडिसिन और बाल रोग विभाग के मरीज अधिक रहे।
-
चिकित्सकों का सलाह
- बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं।
- बाहर के खुले खाद्य पदार्थों और फास्ट फूड के सेवन से बचें।
- पेट दर्द और दस्त होने पर ओआरएस का घोल पिलाएं।
- गंभीर स्थिति में चिकित्सक से संपर्क करें।
कोट
वायरल संक्रमण वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। वर्तमान में सभी प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं, चिकित्सकों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. खालिद रिजवान अहमद, एसआईसी, जिला अस्पताल, बस्ती।