बेटे के अपहरण की कही गई थी बात, पुलिस मामले की कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र बसडीला गांव के एक व्यक्ति को फोन करके जालसाजों ने बेटे का अपहरण करने का झांसा दिया। कहा कि डेढ़ लाख रुपये गूगल-पे नहीं किए तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। पिता का कहना है कि उसने डर वश उसके बताए दो मोबाइल फोन नंबर पर 50-50 हजार रुपये भेज दिए। तब से नंबर बंद हो गया। पुलिस ने बताया तहरीर की जांच की जा रही है।
बसडीला निवासी राम प्रकाश ने बताया कि उनका बेटा विशाल शहर के एक विद्यालय में कक्षा 12 का छात्र है। मंगलवार को वह सुबह की पाली में परीक्षा देने गया था। दोपहर करीब 12 बजे राम प्रकाश के मोबाइल फोन नंबर पर एक कॉल आया। बताया गया कि उनके बेटे विशाल का अपहरण कर लिया गया है। फोन करने वाला बेटे से बात भी कराया। दूसरी तरफ से बेटे जैसी आवाज सुनाई दी। वह कहा रहा था कि पापा हमें बचा लो।
फोन करने वाला उसे छोड़ने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग करने लगा। डर कर राम प्रकाश ने दो मोबाइल फोन नंबर पर एक लाख रुपये गूगल-पे कर दिया। तब से वह मोबाइल फोन नंबर बंद बताने लगा। बाद में विशाल घर पहुंच गया और उसने बताया कि वह परीक्षा देकर आ रहा है।