डिजिटल वालंटियर्स, बीट पुलिस अधिकारी, ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से रखी जा रही नजर
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नागरिकता संशोधन अधिनियम (2019) की अधिसूचना जारी होने के बाद से पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए एहतियाती उपाय शुरु कर दिए गए। डिजिटल वालंटियर्स, बीट पुलिस अधिकारी, एसपीओ, ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से पुलिस पूरे माहौल पर नजर रखे हुए है। जिले में संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गस्त की जा रही है।
कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार, मंगलवार को कलवारी थाना क्षेत्र के अगौना,गायघाट ,चरकैला ,चमनगंज तथा सरयू नदी के तटीय गांव में मजिस्ट्रेट सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में सीओ कलवारी प्रमोद कुमार राय, थानाध्यक्ष कलवारी भानु प्रताप सिंह, सीआईएसएफ के प्रभारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस व पैरामिलिट्री के जवानों ने मार्च किया। इस दौरान शांति कायम रखने की अपील की। साथ ही लोकसभा चुनाव सकुशल संपन्न हो इसके लिए बूथ के आसपास निवास करने वाले ग्रामीणों से मजिस्ट्रेट व सीओ ने बातचीत किया।
बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार, लालगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में पुलिस बल क्षेत्र के बनकटी, भरवलिया, बसौढ़ी, डडिया, खोरिया,देइसांड़, बानपुर, लालगंज, महादेवा, बरोहिया कला, पंखोबारी तथा अन्य कस्बों सहित चौराहों मार्गों पर गश्त किया। संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्र का भ्रमण कर आम जन मानस को भयमुक्त वातावरण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने का विश्वास दिलाया। वहीं सीआईएसएफ के सब इंस्पेक्टर सुरेश व प्रभारी निरीक्षक सोनहा उपेंद्र कुमार मिश्रा ने फोर्स को लेकर सोनहा थाना क्षेत्र के बरगदवा ,बड़डाड नानकार , पिरैला गरीब , डंढिया परसा कुतुब, नरखोरिया में फ्लैग मार्च किया।