एटीएम कार्ड बदल 29 हजार रुपये निकालकर फरार
नगर बाजार (बस्ती)। नगर बाजार के भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से रकम निकालने आई खातेदार से पिन बनाने के बहाने एटीएम कार्ड बदल कर 29 हजार रुपये लेकर आरोपित फरार हो गए। महिला खातेदार ने इसकी सूचना स्थानीय थाने में और बैंक के शाखा प्रबंधक को दी। पुलिस ने अज्ञात पर धोखाधड़ी कर रकम निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर थाना क्षेत्र के राजघाट निवासी अमृता पत्नी विनोद कुमार ने नगर पुलिस व शाखा प्रबंधक को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि वह अपने भतीजे व कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पचौड़ा निवासी सुनील कुमार के साथ भारतीय स्टेट बैंक की नगर बाजार शाखा से रकम निकालने व एटीएम कार्ड का पिन बनाने के लिए गई थीं। एटीएम केबिन के अंदर पिन बनाते समय पीछे दो युवक पहुंचे। कहा कि लाओ हम पिन बना देते हैं। यह सुनकर सुनील ने एटीएम कार्ड उन्हें दे दिलवा दिया।
इसी बीच दोनों युवकों ने एटीएम कार्ड बदल लिया और कहा कि आपका पिन बन गया है। देर होने की बात कहकर दोनों ने सुनील के सामने ही दो बार दस, दस हजार व एक बार नौ हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। उनके जाने के बाद जब सुनील ने रुपये निकालने का प्रयास किया तो रकम नहीं निकली। कुछ देर बाद जब मोबाइल फोन में संदेश आया तो पता चला कि अकाउंट से तीन बार में 29 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। बता दें कि इसके पूर्व भी नगर बाजार निवासी राजेश कुमार के खाते से 15 अप्रैल को दस हजार रुपये किसी ने निकाल लिए थे। उन्होंने नगर पुलिस व शाखा प्रबंधक को इसकी सूचना दी थी।