बस्ती। सीबीएसई हाईस्कूल की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 शुक्रवार से शुरू हो गई है, जिसमें करीब 2200 विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा 21 मई 2026 तक चलेगी, जिसमें गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, भाषा और सामाजिक विज्ञान के विषयों की परीक्षा होगी। पहले दिन गणित विषय का पेपर हुआ, जिसमें 141 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिले में परीक्षा के लिए कुल पांच केंद्र बनाए गए हैं। अंक सुधार के लिए जनपद में करीब 22 सौ से अधिक विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। सिटी को-आर्डिनेटर गोविंद सिंह ने बताया कि पहले दिन परीक्षा सुबह 10.30 बजे से शुरू हो गई। चेकिंग के बाद परीक्षा केंद्रों पर सुबह साढ़े नौ बजे से प्रवेश शुरू कर दिया गया। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई गई। गणित का पेपर दोपहर डेढ़ बजे तक चला।
सीबीएसई बोर्ड की हाईस्कूल परीक्ष का परिणाम पूर्व में घोषित हो चुका है। शिक्षा मंत्रालय की नई नीति के तहत छात्रों को अपने प्रदर्शन में सुधार करने के लिए पहली बार यह अवसर प्रदान किया जा रहा है। पांच विषयों की परीक्षाएं 21 मई 2026 तक चलेंगी। पहले दिन गणित की परीक्षा हुई। दूसरे दिन 16 मई को अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार 18 मई को विज्ञान विषय की परीक्षा निर्धारित की गई है।
मंगलवार, 19 मई का दिन भाषा की परीक्षा होगी। समापन 21 मई को सामाजिक विज्ञान परीक्षा के साथ होगा। बताया कि 2264 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2123 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जबकि 141 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीबीएसई के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए परीक्षा कराई गई। कक्ष निरीक्षकों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं स्टाफ की सक्रियता के कारण परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई। किसी प्रकार की अनुचित गतिविधि की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
-
विद्यालयवार उपस्थिति विवरण
सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग में कुल 476 परीक्षार्थी थे, 453 उपस्थित व 23 अनुपस्थित रहे। सेंट जेवियर्स हाईस्कूल में 500 परीक्षार्थी थे, 480 उपस्थित व 20 अनुपस्थित, श्रीराम पब्लिक स्कूल में कुल 421 परीक्षार्थी थे, जिसमें 385 उपस्थित, 36 अनुपस्थित रहे, ओम्नी इंटरनेशनल स्कूल में कुल 496 परीक्षार्थी थे। 466 उपस्थित और 30 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार लिटिल फ्लावर्स स्कूल में कुल 371 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 339 उपस्थित, 32 अनुपस्थित 32 रहे।