रुधौली स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक जैगम अब्बास को पैसे वापस करतीं गुंजेश्वरी कुमारी।
नगर पंचायत रुधौली के शांतिनगर में स्थित एसबीआई की शाखा में सोमवार को रुपये निकालने आई बुजुर्ग महिला को कैशियर ने गलती से 40,000 हजार रुपये अधिक दे दिए। घर जाकर जब महिला ने रुपये का मिलान किया तो अधिक मिले। उसे वह बैंक को लौटाने मंगलवार को शाखा पहुंचीं तो कर्मी भौचक रह गए। महिला की ईमानदारी को देख अन्य ग्राहकों ने सराहना की।
तहसील क्षेत्र के ग्राम अंदेउरी निवासी गुंजेश्वरी (63) सोमवार को बैंक 10 हजार रुपये निकालने पहुंचीं। उन्होंने विड्राल फॉर्म में भी दस हजार रुपये निकासी भरा और कैशियर को दे दिया। कैशियर विक्रम कुमार ने गलती से बुजुर्ग को 50,000 रुपये दे दिए।
घर पहुंचकर महिला ने रुपये गिने तो अधिक मिले, फिर अपनी बहू से गिनती कराई तो भी अधिक मिले। बहू को पूरा वाकया समझ में आया तो उसने सास गुंजेश्वरी को बताया कि कैशियर ने गलती से अधिक रुपये दे दिए हैं।
मंगलवार की सुबह 11 बजे बुजुर्ग महिला रुपये लेकर सीधे मैनेजर के पास पहुंचीं और पूरी बात बताईं तो मैनेजर ने कैशियर से रुपये निकासी फॉर्म की जांच कराई। बात सही मिली। सभी स्टाफ ने महिला की ईमानदारी की सराहना की। शाखा प्रबंधक ने बताया कि गलती से कैशियर ने अधिक रुपये दे दिया था, बुजुर्ग ने रुपये वापस कर ईमानदारी की मिसाल पेश की है।