बस्ती। लालगंज और मुंडेरवा थाना क्षेत्रों में दो अलग-अलग जेवरात झपटने की घटनाओं में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों ही घटनाओं में देखा गया कि अपराधी दिन के समय सक्रिय थे और बाइक से आए।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।लालगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली कपूरी देवी ने पुलिस को तहरीर दी कि 5 सितंबर को दिन में वह गांव के पास सुअरहा मोड़ पर बांस की खूंटी के पास बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात लोग वहां पहुंचे और उनसे गांव का नाम पूछने लगे। जब कपूरी देवी उनसे बात करने लगीं, तो बदमाशों ने उनकी बातों में उलझाकर उनके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया और भाग गए। लालगंज पुलिस ने मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं मुंडेरवा थाना क्षेत्र के मेहड़ा सैदवार पुलिया के पास शुक्रवार को हुई दूसरी घटना में कलावती देवी ने तहरीर दी कि वह कुरियार बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाश उनके पास आए और उनके गले से सोने का लॉकेट झपटकर भाग निकले। मुंडेरवा पुलिस ने भी अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।