प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। छावनी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर क्षेत्र के शर्मा हास्पिटल के तीन डॉक्टरों सहित चार पर लापरवाही बरतने के चलते नवजात की मौत के मामले में केस दर्ज किया है। हर्रैया थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव निवासी अतुल तिवारी ने तहरीर दी है।
तहरीर में अतुल ने लिखा है कि उनकी भाभी रूपा तिवारी पत्नी राहुल तिवारी का प्रसव कराने के लिए शर्मा हास्पिटल छावनी में भर्ती कराया गया था। यहां डॉ. सुशील शर्मा एवं शीला शर्मा की देखरेख में उन्हें भर्ती किया गया। जांच के बाद उन्हें बताया गया कि सामान्य डिलीवरी की उम्मीद है। यदि मेडिकल उपकरण की जरूरत पड़ती है तो सारा सामान भी उनके मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध है।
देर शाम बताया गया कि लड़का पैदा हुआ है, जिसे ऑक्सीजन की जरूरत है। उसे लेकर कहीं बाहर चले जाएं। हालांकि बच्चे की मौत प्रसव के दौरान ही लापरवाही के चलते हो गई थी। जब वह और उनका परिवार प्रसव कक्ष में गए तो पाया कि वहां दवा की शीशियां बिखरी थीं। प्रसव से पहले अल्ट्रासाउंड भी कराया गया था। आरोप लगाया कि अस्पताल के संचालक एवं डॉक्टरों ने आर्थिक लालच में लापरवाही बरती, जिससे नवजात की मौत हो गई। कोर्ट के आदेश पर डॉ. सुशील शर्मा, डॉ. शीला शर्मा, डॉ. आशुतोष शर्मा तथा समा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया। इस आदेश पर पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।