धोखाधड़ी व गबन में छह पर मुकदमा
फाइनेंस कंपनी के नाम पर जमा कराई रकम
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। फाइनेंस कंपनी में रकम कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर रुपये हड़पने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने छह नामजद समेत अन्य पर कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी व गबन के आरोप में केस दर्ज किया है। तहरीर नगर थाना क्षेत्र के बगियापार निवासी महेन्द्र कुमार ने दी।
महेंद्र ने तहरीर में बताया है कि आवास विकास कॉलोनी में को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड नाम की संस्था खुली। इसमें वादी एजेंट के रूप में काम करता था। इसका कहना है कि अपने अलावा तमाम अन्य लोगों की रकम लाकर इस बैंकिंग संस्था में जमा कराया। इसकी रसीद भी दी गई। आरोप है कि 2017 से किसी भी जमाकर्ता की परिपक्वता अवधि समाप्त होने के बाद कोई धनराशि वापस नहीं की गई। कई अन्य एजेंट इस संस्था के मुख्यालय लखनऊ गए। बार-बार यहां जमाकर्ताओं की रकम वापस करने की गुहार लगाई। लेकिन रकम वापस करने से मना कर दी गई। नौ जनवरी 2018 को शहर में दक्षिण दरवाजा रोड स्थित पुराने कार्यालय में जाकर लोगों की रकम वापस करने को कही तो अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संस्था के सीएमडी के अलावा अरुण कुमार शर्मा, अनूप कुमार शर्मा, ज्ञान प्रकाश शर्मा, निसार अहमद रिजनल व सूर्यनाथ के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच एसआई जनार्दन प्रसाद को सौंपी है।