करीब एक महीने बाद मोतीलाल सिंह की बेटी की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। 25 अगस्त को गोरखपुर से लखनऊ जाते समय सड़क हादसे में सीएम योगी के विशेष कार्याधिकारी मोतीलाल सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष कार्याधिकारी मोतीलाल सिंह की सड़क हादसे में हुई मौत मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मोतीलाल सिंह की बेटी की तहरीर पर स्कॉर्पियो चालक संतोष गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मूलरूप से आजमगढ़ के बुढ़नपुर थाना अतरौलिया के रहने वाले मोतीलाल सिंह का परिवार इंद्रानगर लखनऊ में रहता है। वह सीएम योगी आदित्यनाथ के विशेष कार्याधिकारी थे।
विज्ञापन
25 अगस्त की रात मोतीलाल सिंह पत्नी के साथ गोरखपुर से लखनऊ जा रहे थे तभी मुंडेरवा थाना क्षेत्र के खजौला में अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में मोतीलाल सिंह की मौत हो गई थी। उनकी पत्नी बीना सिंह और गाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसी मामले में लगभग एक महीने बाद मोतीलाल सिंह की बेटी अंकिता सिंह ने मुंडेरवा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि स्कॉर्पियो के चालक संतोष गुप्ता ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क के किनारे पेड़ से टक्कर मार दी। जिससे हादसे में उनके पिता की मौत हो गई।