पिता-पुत्र पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
- दहेज उत्पीड़न व साक्ष्य मिटाने के भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। कोर्ट के आदेश पर गौर पुलिस ने चकचई गांव निवासी पिता पुत्र के विरुद्ध हत्या, दहेज उत्पीड़न वह हत्या का साक्ष्य मिटाने की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है।
थाना क्षेत्र के अजगैवा जंगल निवासी सुंदरा ने कोर्ट में अर्जी देकर बताया कि उसकी पुत्री की शादी गौर थाना क्षेत्र के चकचई गांव निवासी यशवंत पुत्र रामरतन के साथ वर्ष 2004 में हुई थी। शादी के बाद से ही यशवंत उसकी पुत्री प्रताड़ित करता था। नौ अगस्त की सुबह दामाद का फोन आया कि ललिता की मौत हो गई। पुत्री की मौत की सूचना के बाद जब वह उसके घर पहुंची तो शव को जलाने से मना करते हुए पुलिस को सूचना देने की बात कही। उसकी बातों की अनदेखी करते हुए घर वाले शव को जला दिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थानाध्यक्ष गौर संजय कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।