बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई।
युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि दो वर्ष पूर्व उनकी मौसी के गांव के रहने वाले शेषराम से उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद बातचीत शुरू हो गई। बाद में दोनों में प्रेम संबंध हो गया। शेषराम युवती से अकेले में मिलने-जुलने लगा। आरोप है कि उसने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया।
जब युवती ने शादी के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस बात को लेकर आरोपी शेषराम व पीड़िता के घरवालों के बीच पंचायत हुई।
शेषराम ने शादी से मना कर दिया। बोला कि अगर पुलिस में शिकायत करोगी तो तुम्हारे बहुत सारे रिकॉडिंग मेरे पास हैं, उसे वायरल कर दूंगा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शेषराम समेत छह लोगों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।ु