हरैया। ब्लॉक परिसर में श्रम विभाग ने शिविर लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। मौजूद लोगों व कर्मकारों को विभाग के पोर्टल पर कार्य के बारे में बताया और पंजीकरण कराने की सलाह दी गई।
विधायक अजय कुमार सिंह की पहल पर आयोजित शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी नागेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि असंगठित क्षेत्र में निर्माण कार्य करने वाले श्रमिकों के लिए सरकार लाभकारी योजनाएं संचालित कर रही है। कहा कि एक साल में मनरेगा जैसी योजनाओं में 90 दिन काम करने वाले श्रमिक की दुर्घटना में मौत होने पर किस्तों में 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 25 हजार रुपये उसकी अंत्येष्टि के लिए भी दिए जाएंगे। सामान्य मौत पर भी उसके वारिस को 2 लाख रुपए मिलेंगे। अपंजीकृत श्रमिकों की कार्यस्थल पर मौत होने पर भी एक लाख की सहायता दी जाएगी। दुर्घटना में पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में श्रमिक को चार लाख की सहायता देय होगी। कन्या सामूहिक विवाह योजना व अंतर्जातीय विवाह पर भी सरकार 55 व 65 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा ने श्रमिकों के कल्याण के लिए सरकार के कदमों की सराहना की। बीडीओ सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले श्रमिकों का अधिकाधिक संख्या में पंजीयन जरूरी है, जिससे योजना का लाभ लोगों को मिले। ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह ने लोगों को जागरूक किए जाने की सलाह दी। इस मौके पर प्रधान अजय सिंह, बीसीसी सदस्य दुर्गेश, विजय रंजन, जय प्रकाश राव, दिनेश श्रीवास्तव, भगवान मिश्र, मयंक शुक्ला, बुद्धिराम आदि मौजूद रहे।