कई ट्रेनों के निरस्त और विलंब से चलने वाली यात्रियों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रयागराज महाकुंभ के चलते यात्रियों की संख्या बढ़ी हुई है। परिवहन निगम की अधिकतर बसों को महाकुंभ में लगा दिया गया है। इस वजह से ट्रेनों में लोकल यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में ट्रेन में चढ़ते समय धक्का-मुक्की और सीट के लिए मारामारी आम बात हो गई है। भीड़ के कारण यात्री शौचालय, गेट के पास फर्श पर बैठ कर यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। कई ट्रेनों के निरस्त होने और विलंब से चलने के कारण भी यात्रियों की परेशानी हो रही है।
माघ पूर्णिमा के बाद महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की संख्या फिर बढ़ी है। परिवहन निगम ने अधिकतर बसों को प्रयागराज के लिए लगा दिया है। इसके कारण दिल्ली, कानपुर, लखनऊ आदि शहरों की बस सेवाएं स्थगित हैं। दूर और पास के शहरों में जाने के लिए यात्रियों को ट्रेन और प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ट्रेनों में भारी भीड़ है और प्राइवेट वाहन चालक यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे है। बुधवार को बाघ एक्सप्रेस अप ट्रेन निरस्त हो गई। दोपहर तक कासगंज, महाकुंभ मेला स्पेशल आठ घंटे, मनवर-संगम एक्सप्रेस दो घंटे से अधिक विलंब चल रही थी। मनवर-संगम एक्सप्रेस से महाकुंभ जाने के लिए यात्री सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर पहुंचने लगे। दोपहर में ट्रेन के दो घंटे विलंब से चलने की सूचना पाकर श्रद्धालु परेशान हो गए।
ट्रेन के पहुंचते ही उसमें चढ़ने के लिए यात्री उमड़ पड़े। धक्का-मुक्की भी करनी पड़ी। छपरा-मथुरा एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ देखने को मिली। किसी तरह ट्रेन में लोग चढ़ गए, मगर बोगी के भीतर बैठनेे की जगह नहीं मिली। बड़ी संख्या में यात्रियों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ी।
...
प्रयागराज महाकुंभ जाना है। परिवार भी साथ है। भीड़ से बचने के लिए माघ पूर्णिमा में स्नान करने नहीं गए, मगर भीड़ अब भी वैसे ही है। ट्रेन क आने में देरी है।
-रामू, यात्री
..
प्रयागराज जाने के लिए सुबह ही रेलवे स्टेशन पर आ गई। बेटी भी साथ में है। अब सूचना प्रसारित की जा रही है मनवर-संगम एक्सप्रेस दो घंटे विलंब है। बस भी जाम में फंसकर अधिक समय लगा रहे हैं।
-लक्ष्मी मिश्रा, यात्री