रुधौली। थाना क्षेत्र के चैसार गांव से पांच दिन पहले लापता हुए युवक का शव रविवार की सुबह गांव के कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। फुटबाल खेल रहे बच्चों की नजर शव पर पड़ी। सूचना पाकर रुधौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से निकलवाया गया। शव की शिनाख्त गांव के ही रहने वाले राजेंद्र कुमार गौड़ (35) पुत्र राम संवारे के रूप में की गई।
थाना प्रभारी रुधौली संजय दूबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया अनियंत्रित होकर कुएं में गिरने से मौत का मामला लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। चैसार निवासी राजेंद्र प्रसाद गौड़ खेती-किसानी करता था। परिजनों ने बताया कि 30 दिसंबर की दोपहर करीब तीन बजे वह बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं निकल गया था।
काफी देर बाद भी न लौटने पर खोजबीन शुरू की, मगर कुछ पता नहीं चल सका। पिता राम सांवरे ने रुधौली थाने में तहरीर दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर राजेंद्र की तलाश शुरू कर दी थी। बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह गांव के बच्चे फुटबाल खेल रहे थे। इस दौरान फुटबाल कुएं में चला गया।
बच्चे फुटबाल निकालने के लिए कुएं के पास पहुंचे और अंदर झांक कर देखा तो लाश नजर आई। बच्चों ने शोर मचाना शुरू किया तो ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान राजेन्द्र के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त की।