वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के नारायणपुर सरकारी देशी शराब की दुकान के पीछे एक युवक का शव झाड़ियों में आसपास के लोगों ने देखा। शव मिलने की सूचना पूरे क्षेत्र में फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने में जुट गई। थोड़ी ही देर में मृतक की पहचान सोनहा थाना क्षेत्र के मुरादपुर निवासी राम बचन (38) पुत्र राम शंकर मौर्य के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस की पूछताछ में परिजन ने बताया कि रामबचन सुबह ही घर से निकला था। मृतक के पिता मजदूरी करने टिनिच बाजार गए थे। मृतक भाइयों बुद्धिराम, फूल चंद में सबसे बड़ा था। एक भाई बुद्धिराम 10 वर्षों से कहीं गायब हो गए हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामले में मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर पंचनामा कराकर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।