परीक्षा देकर बाहर निकलती छात्राएं। संवाद
बस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में चौथे दिन आसान विषयों की परीक्षा होने से महकमे ने राहत की सांस ली। हाईस्कूल में गृह विज्ञान और व्यवसायिक शिक्षा का आसान प्रश्न पत्र मिलने से विद्यार्थी उत्साहित नजर आए। हाईस्कूल में 662 और इंटरमीडिएट इतिहास विषय की परीक्षा में 135 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। शांतिपूर्ण माहौल में दोनों पॉलियों में परीक्षा कराई गई। कहीं से किसी नकलची के पकड़े जाने की सूचना नहीं मिली।
सुबह प्रथम पाली में 8.30 बजे से 11.45 बजे तक हाईस्कूल की गृह विज्ञान विषय की 128 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 11111 में से 10472 परीक्षार्थी हिस्सा लिए। जबकि 639 विद्यार्थी इस परीक्षा में अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में ही कक्षा 12 व्यवसायिक शिक्षा की परीक्षा कराई गई। इसमें 440 में से 417 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। 23 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट इतिहास विषय की परीक्षा 100 केंद्रों पर कराई गई। कुल पंजीकृत 1964 में से 1829 विद्यार्थी परीक्षा में प्रतिभाग किए। जबकि 135 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आसान विषयों की परीक्षा होने के कारण सचल दल और सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेट की भागदौड़ कम देखी गई। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों से परीक्षा की लाइव निगरानी दिन भर की गई। इस दौरान कहीं से भी कोई आपत्तिजनक सूचना नहीं मिली।