बोर्ड परीक्षा : हाईस्कूल के आठ और इंटर में 39 ने छोड़ी परीक्षा
बस्ती। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शुक्रवार को दो पालियों में हुई। दूसरे दिन की परीक्षा में हाईस्कूल के आठ और इंटर के 39 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के लिए जिले में 120 केंद्र बनाए गए हैं।
प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा सुबह आठ से 11.15 बजे तक द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक हुई। परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्रों के गेट पर चेक करने के बाद प्रवेश दिया गया। सुबह की पाली में आठ केंद्रों पर हाईस्कूल में अरबी फारसी विषय में दो परीक्षार्थी पंजीकृत थे, लेकिन दोनों परीक्षा देने नहीं आए। जबकि, इंटर संगीत गायन विषय में 45 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 43 ने परीक्षा दी, जबकि, दो परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शाम की पाली में 34 केंद्रों पर हाईस्कूल संगीत गायन विषय में 56 पंजीकृत के परीक्षार्थियों में से 50 ने परीक्षा दी, जबकि छह ने परीक्षा छोड़ दी। इंटर में व्यावसायिक विषय में 819 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 782 ने परीक्षा दी, जबकि 37 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को सकुशल व नकल विहीन कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर निगरानी रखने के लिए डीआईओएस कार्यालय में बने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी के माध्यम से जोड़ा गया है। चार जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। साथ सचल दल की टीमें परीक्षा केंद्रों का भ्रमण करती रहीं।
परीक्षा को सकुशल कराने के सभी केंद्रों पर सख्ती बरती जा रही है। कहीं से कोई सूचना नहीं मिली। परीक्षा केंद्र पर सामूहिक नकल पकड़े जाने पर संबधित विद्यालय की मान्यता समाप्त कर दी जाएगी और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी।
डीएस यादव, डीआईओएस, बस्ती