बस्ती। यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए तीन बाद 27 नवंबर को केंद्रों का निर्धारण कर दिया जाएगा। जिलेवार ऑनलाइन सूची भी सार्वजनिक कर दी जाएगी। सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित करने के आखिरी दिन सोमवार को माध्यमिक शिक्षा विभाग कार्यालय में पूरे दिन यह प्रक्रिया चलती रही। देर शाम को जिले के सभी 401 माध्यमिक विद्यालयों की सत्यापन रिपोर्ट भेज दी गई।
परीक्षा केंद्र बनने के लिए परिषद की गाइड लाइन के अनुसार जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों की ओर से ऑनलाइन आवेदन 10 नवंबर तक ही कर दिया गया था। इसमें 22 राजकीय विद्यालय, 70 सहायता प्राप्त विद्यालय और 309 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। हर बार ज्यादातर सहायता प्राप्त और वित्तविहीन विद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। विभाग को 24 नवंबर तक द्विस्तरीय सत्यापन रिपोर्ट प्रेषित करनी थी।
10 नवंबर से तहसील प्रशासन और विभागीय स्तर से सत्यापन रिपोर्ट तैयार की गई है। आखिरी दिन शेष सभी विद्यालयों की रिपोर्ट परिषद को भेज दी गई। परिषद से भेजी गई सूचना के अनुसार 27 नवंबर को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। डीआईओएस संजय सिंह ने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट भेज दी गई है। परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होने के बाद कार्यालय में चस्पा कर दी जाएंगी। इसके आपत्तियां मांगी जाएंगी, जिला स्तरीय चयन समिति निस्तारण करेगी।
इसके बाद दोबारा परिषद को रिपोर्ट जाएगी। तब अंतिम रूप से परीक्षा केंद्रों की सूची जारी होगी। संभावना जताई जा रही है कि इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या घट सकती है। पिछले बार 124 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। लेकिन, इस बार 5531 परीक्षार्थी कम हो गए हैं। जिससे 10 से 15 केंद्र कम होने की संभावना है।
कुल विद्यालय
राजकीय माध्यमिक विद्यालय : 22
सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय : 70
वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय : 309
-
हाईस्कूल में कुल परीक्षार्थी : 39944
बालक 19014 और बालिका 19930
इंटरमीडिएट में कुल परीक्षार्थ : 34214
बालक 16568 और बालिका 17646