संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। चीनी मिल परिसर में किसान शहीद मेले का बुधवार को आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि किसान बारूद की ढेर पर हैं।
हमें अपने लोगों से लड़ना है। प्रदेश के मुख्यमंत्री लोगों के चक्कर में पड़ कर गुमराह हो गए हैं। सरकार फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य जल्द घोषित करे अन्यथा किसान आंदोलन के लिए विवश होगा। उन्होंने कहा कि किसानों को फ्री की नहीं, सस्ती बिजली की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि किसानों के लंबे संघर्ष के बाद सरकार ने तीन काले कानूनों को वापस तो ले लिया। मगर, अब तक फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित नहीं किया। इससे किसानों का मोह कृषि से भंग होता जा रहा है। कहने के लिए सरकार किसानों के उत्थान की बातें तो करती है, जबकि धरातल पर स्थितियां इसके विपरीत हैं।
भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह लंबरदार ने आरोप लगाया कि सरकार ने घोषणापत्र के मुताबिक किसानों के हित में कार्य नहीं किया। मुंडेरवा चीनी मिल में राख कैप्चर मशीन न चलाए जाने के कारण पूरे क्षेत्र में राख उड़ रही है। इससे आम लोग परेशान है। इस पर तत्काल प्रशासन रोक लगाए अन्यथा परिणाम गंभीर होगा। कहा कि आंदोलन के दौरान हर घर से एक किसान निकले, तभी उनकी मांगें मानी जाएंगी।
राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि सरकार किसान के उत्पादित फसलों का मूल्य लागत के अनुसार निर्धारित नहीं कर रही है। कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत और चौधरी दीवान चंद चौधरी की प्रतिमा स्थापना के लिए प्रशासन तत्काल जगह उपलब्ध कराए।
पूर्वांचल अध्यक्ष अनूप चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की उपज का लाभकारी मूल्य नहीं दिला पा रही है। प्रदेश सचिव दीवान चंद पटेल ने कहा कि देश-प्रदेश की हालत खराब है। सदर विधायक महेंद्र यादव ने कहा कि किसानों की खुशहाली से देश तरक्की करेगा। मगर, वर्तमान में स्थितियां विपरीत हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोभाराम ठाकुर ने कहा किसानों की तरक्की की बात सिर्फ कागजों में है।
इस अवसर पर महादेवा के विधायक दूधराम, भाकियू के उपाध्यक्ष राम किशोर पटेल, सुभाष चंद्र किसान, प्रदेश सचिव राम सिंह जगराम चौधरी जयराम वर्मा, गौरीशंकर चौधरी, महेंद्र कुमार चौधरी, रामसागर चौधरी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति को संबोधित 18 सूत्री मांगपत्र एसडीएम भानपुर आशुतोष मिश्रा को सौंपा गया।