बनकटी। फसल मुआवजा वितरण और धान खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर धरने के
दूसरे दिन बुधवार को किसानों ने धान लदी ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी कर
बस्ती-महुली मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया।
जाम
की सूचना मिलने के बाद पहुंचे तहसीलदार की किसानों से नोकझोंक हुई।
तहसीलदार 26 दिसंबर से धान खरीद शुरू कराने का आश्वासन देकर किसी तरह जाम
खुलवाया।इस दौरान करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
अपने
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भाकियू के लोग दूसरे दिन भी धरने पर बैठे।
धरना स्थल पर जिला स्तरीय अधिकारी के नहीं पहुंचने पर किसानों ने धान लदी
ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर मार्ग जाम कर दिया। इसके बाद पहुंचे तहसीलदार
विनोद सिंह से भाकियू कार्यकर्ताओं से काफी नोकझोंक हुई।
बाद में
तहसीलदार ने कहा कि जिले के संबंधित अधिकारियों से किसानों की समस्याओं को
लेकर वार्ता हो चुकी है। 26 दिसंबर से धान की खरीद शुरू की जाएगी। किसानों
ने एतराज जताया और कहा कि उन्हें जो भी कहना है, उसे लिखित दें, तभी जाम
हटेगा।
तहसीलदार ने लिखित आश्वासन दिया। आपदा राहत पर कहा कि बस्ती
सदर के लिए एक करोड़ पच्चीस लाख रुपये आए हैं। लेखपालों द्वारा सूची बनाई
जा रही है। हर ब्लॉक के किसानों में क्षेत्रफल के अनुसार वितरण किया जाएगा।
खरीफ की फसल को भी सूखा घोषित किया गया है। शेष मांगों के बारे
में कहा कि संबंधित अधिकारियों से बात कर समाधान निकाला जाएगा। जिला
महासचिव रामधनी चौरसिया ने कहा कि वे उनके आश्वासन पर जाम तो हटा ले रहे
हैं, लेकिन धान तौल होने तक धरना जारी रहेगा।
उन्होंने चेतावनी दी
कि यदि 26 दिसंबर को धान तौल नहीं शुरू की गई तो पुन: बस्ती-महुली मार्ग
जाम कर दिया जाएगा। इस अवसर पर रामनवल किसान, रामफेर चौधरी, घनश्याम चौधरी
मो. हसन, रामजोखन, शिवशंकर पांडेय, रामसागर, रामरक्षा, नोखेलाल, परमात्मा
चौधरी, मो. मुर्तजा, शब्बीर, बसीर, राधेश्याम गौड़, फूलचंद, बलिराम, सुनील,
रामकेश, दीनदयाल, रामप्रसाद, विश्वदेव, दानबहादुर आदि किसान मौजूद रहे।