महादेवा। लालगंज क्षेत्र के बनकटी से लालगंज जोड़ने वाले मार्ग के लोईयाभारी गांव के पास शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे सड़क पर खड़ी गन्ना लदी ट्राॅली में बाइक टकरा गई। हादसे में घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, 27 वर्षीय राम संवारे पुत्र दयाराम गुप्ता निवासी डेफरी अपने बड़े भाई के ब्रह्मभोज के लिए किराने का सामान लेने गांव के बगल में रौतापार चौराहे पर गए थे। वापस घर जाते समय लोईयाभारी चौराहे पर गन्ना लदी ट्राॅली से टकरा गए। परिवार के लोग गम्भीर हालत में निजी वाहन से एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। चिकित्सक ने हालत नाजुक देख कर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में ले जाने पर इलाज के दौरान राम संवारे ने दम तोड़ दिया।15 दिन के अंदर एक ही घर के दो युवकों की आकस्मिक मृत्यु हो जाने से पूरे गांव के लोग मर्माहत हैं। राम संवारे के दो बच्चे तृषा गुप्ता तीन वर्ष और निशा गुप्ता उम्र डेढ़ वर्ष है। संवाद