टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी राम सेवक (53) की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनका अरविंद (14) भी घायल हुआ है।
मंगलवार शाम करीब चार बजे राम सेवक अपने बेटे अरविंद के साथ बाइक से गौर बाजार जा रहे थे। वाल्टरगंज-बभनान मार्ग पर अंबरपुर के पास अचानक सामने आई नीलगाय से बाइक टकरा गई। हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। थानाध्यक्ष अतुल अंजान ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी गौर भिजवाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान देर रात राम सेवक की मौत हो गई।
वहीं, अरविंद के हाथ में फ्रैक्चर होने पर प्लास्टर कर छुट्टी दे दी गई। राम सेवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके पांच बच्चे हैं। बड़ी बेटी रेनू और बेटा रवींद्र की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां गोलू और लक्ष्मी व एक बेटा अविवाहित हैं। वे पान की गुमटी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।