बस्ती जिले में पैकोलिया थानाक्षेत्र के देबया बक्स पांडेय गांव के युवक की बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता था। छत की दूसरी मंजिल पर कमरे में फंदे से लटका उसका शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पैकोलिया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार पैकोलिया थानाक्षेत्र के देवयाबक्स पांडेय गांव निवासी परशुराम शर्मा का 22 वर्षीय अर्जुन शर्मा हसीनाबाद बाजार में बाइक रिपेयरिंग की एक दुकान पर मिस्त्री का काम करता था। एक महीने पहले तीन जून को छावनी थाना क्षेत्र के उड़गईया गांव में अर्जुन की शादी हुई थी।
पत्नी ससुराल में कुछ दिन रहने के बाद मायके चली गई थी। परिवार के लोगों का कहना है कि बुधवार देर शाम छत के ऊपर बने कमरे में सोने गया था। वहां कमरा बंद कर चारपाई के पट्टे से छत की कुंडी में फांसी लगाकर लटक गया। भोर में परिवार के लोग जगाने पहुंचे तो कमरे में छत की कुंडी से लटकता देख हल्ला मचाया। गांव के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
पैकोलिया थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।