पेड़ से टकराई बाइक, घायल युवक की मौत
बनकटी। बस्ती-महुली मार्ग पर पंखोबारी गांव के निकट पटरी पर स्थित पेड़ में सोमवार देर शाम आगे-पीछे आ रही दो बाइक टकरा गई। दोनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की छह घंटे बाद जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पिछले एक वर्ष में इस पेड़ से टकराकर कई लोगों की जान जा चुकी है।
लालगंज थाना क्षेत्र के कैथौरा निवासी 22 वर्षीय सुग्रीव सोमवार को करीब सात बजे पेंटिंग का काम करके बनकटी से अपनी बाइक से वापस घर जा रहे थे। पंखोबारी गांव के निकट उनके आगे जा रहे इसी थाने के बरंडा निवासी विन्ना राम बाइक लेकर पेड़ में टकरा गए। उन्हें मामूली चोटें आई। उसके तुरंत बाद पहुंचे सुग्रीव की बाइक भी उसी पेड़ में अचानक टकरा गई।
आनन-फानन में राहगीरों ने दोनों को बनकटी पीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने एक को प्राथमिक उपचार कर घर भेजा। जबकि सुग्रीव की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां आधी रात को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।