नगर बाजार (बस्ती)। थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरिया के पास बाइक और स्कूटी सवारों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। बाइक सवार नौशाद (19) की मौके पर मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, नौशाद नगर बाजार कुछ काम से आ रहे थे। शाम करीब पांच बजे दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और एक-दूसरे को देख न पाने के कारण आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और नौशाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। नौशाद की पांच माह पहले शादी हुई थी।
सूचना मिलते ही नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बस्ती भेज दिया। गंभीर रूप से घायल सलमान को एंबुलेंस से जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया गया है।