बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के बस्ती-गोरखपुर हाईवे पर गिदही बिजली उपकेंद्र के पास बेकाबू बस ने 10 वर्षीय बालक को रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बालक की पहचान मनहनडीह निवासी स्व. जयकांत के बेटे पीयूष के रूप में हुई है। पीयूष के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीयूष की मौत की खबर लगते ही घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, पीयूष साइकिल से कहीं जा रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे बस्ती-गोरखपुर हाईवे पर बस ने उसे चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद लाेगों की भीड़ जुट गई। इससे कुछ देर के लिए बस्ती-गोरखपुर लेन पर मार्ग जाम हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क से भीड़ हटवाकर जाम खुलवाया। हादसे की जानकारी पीयूष के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन की चीख-पुकार से आसपास के खड़े लोगों की आंखें नम हो गईं।
पीयूष पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। मां गुड़िया देवी दूसरों के घरों में चौका-बर्तन कर परिवार का खर्च चलाती हैं।