संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को प्रत्येक लाभार्थियों को अवश्य दिया जाए। लाभ परक योजनाओं से कोई भी पात्र वंचित न रहें। समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने जनसुनवाई की। इस दौरान आठ महिलाओं ने समस्याएं बताईं, जिन्हें संबंधति अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के बाद उपाध्यक्ष ने हर्रैया स्थित सौ शैय्या वाले महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। समुचित साफ-सफाई न होने व शौचालय गंदा होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने उपस्थिति पंजिका की जांच कर बिना पूर्व स्वीकृति के अवकाश देने पर रोक लगा दी। डिलीवरी कक्ष के निरीक्षण में चार महिलाएं भर्ती पाई गईं। उन्होंने उनसे वार्ता कर हालचाल जाना।
ओपीडी रजिस्टर में मरीजों की संख्या कम पाए जाने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हो पाई है।
इस मौके पर एडीएसपी ओम प्रकाश सिंह, राजेश कुमार, डाॅ. शालिनी सिंह आदि मौजूद रहीं।ई