मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों को देखते एमडी मेडिसिन डाॅ. रजत पांडेय। संवाद
बस्ती। बेतहाशा गर्मी और बढ़ा हुआ तापमान सेहत के लिए खतरनाक है। चिकित्सकों के अनुसार सावधानी ही बचाव की मुख्य वजह है। यदि इन दिनों शरीर में पानी की कमी होते ही तबीयत बिगड़ रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी अक्सर हो जाती है। इससे अपच और उल्टी दस्त की समस्या बढ़ जाती है। मेडिकल कॉलेज के ओपीडी में डिहाइड्रेशन के सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। 15 से 20 मरीज इमरजेंसी में भर्ती किए जा रहे हैं।
एमडी मेडिसिन डॉ. रजत पांडेय ने बताया कि गर्मी की वजह से शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या होती है। आजकल ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ गई है। कुछ मरीजों में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के कारण सोडियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम की कमी पाई जा रही है।
ऐसे मरीजों को तुरंत नींबू-पानी, नारियल पानी, या ओआरएस का घोल पीने की सलाह दी जा रही है। उल्टी दस्त वाले मरीजों को भर्ती करके इंजेक्शन के साथ बॉटल चढ़ाना पड़ रहा है। संवाद