लालगंज। थाना क्षेत्र के लालगंज बानपुर मार्ग के किनारे जयरामपुर गांव के पीछे खेत में एक बीडीसी का हत्या कर फेंका गया शव नग्न अवस्था में मिला है। शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
घटना स्थल पर एक बाइक खड़ी मिली है। पुलिस और फॉरेंसिंक टीम ने घटना स्थल की जांच की। युवक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की है।
बृहस्पतिवार की सुबह जयरामपुर व कट्या गांव के लोगों ने लालगंज बानपुर मार्ग पर एक युवक का शव देखा। वहीं पास में एक बाइक खड़ी देखी, तो इसकी सूचना लालगंज पुलिस को दी। युवक का चेहरा कुचला गया था। शव नग्न हालात में था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी कर दी। पुलिस ने उसकी पहचान बस्ती कोतवाली के देवरव गांव निवासी मदन जायसवाल 38 वर्ष के रूप में की है। वह डिलिया ग्राम पंचायत में बीडीसी हंै और इसके साथ ही गांव का कोटेदार भी है।
बताया जा रहा है कि वह जमीन का भी काम करता था। मृतक की पत्नी धनलक्ष्मी ने बताया कि उसके पति बुधवार की रात लगभग 9:30 बजे घर से निकले और कहा कि आप लोग खाना खाकर सो जााना। वह सुबह आएंगे, लेकिन सुबह के समय उनकी मौत की खबर मिली। एसओ विनय कुमार पाठक ने बताया कि युवक की हत्या कर शव फेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।