रेस्टोरेंट से पकड़ा गया मादक पदार्थ।
बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के रौता चौकी से महज सौ मीटर की दूरी पर रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित होते पाया गया है। कोतवाली पुलिस ने देर शाम रेस्टोरेंट पर छापा मारा तो अंदर हुक्का पीते 21 युवक मिले, जिन्हें पकड़े लिया गया। साथ रेस्टोरेंट संचालक और दो अन्य स्टॉफ को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए सभी लोगों को पुलिस कोतवाली ले आई है। रौता चौराहे के निकट मालवीय रोड पर जय हिंद द हैवेन रेस्टोरेंट की आड़ में हुक्का बार संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोतवाली थाने की टीम को सक्रिय किया गया। रेस्टोरेंट पर छापे के दौरान बीच शहर में हुक्का बार चलते हुए देख पुलिस भी आश्चर्यचकित रह गई। रेस्टोरेंट में कुल 21 युवक तंबाकू युक्त हुक्का पीते मिले। इसके अलावा संचालक मो. आफताब और उसके दो अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद मिले। पुलिस हुक्का पी रहे 21 युवक एवं रेस्टोरेंट संचालक और उसके दो अन्य कर्मचारियों को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है। रेस्टोरेंट से बड़े पैमाने पर तंबाकू और हुक्का के संयत्र बरामद किए गए हैं। पुलिस के छापे से हड़कंप की स्थिति रही। रेस्टोरेंट के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों का कहना था कि घनी आबादी के बीच हुक्का बार चलने से माहौल खराब हो रहा था।
छापे की सूचना के बाद दौड़ने लगे परिवार के लोग : रेस्टाेरेंट की आड़ में संचालित हुक्का बार में पुलिस के छापे की सूचना मिलते ही कोतवाली के बाहर भीड़ जुटने लगी। हुक्का बार में पकड़े गए युवकों के परिजन जानकारी के बाद थाने पहुंचने लगे। इसमें शामिल कई युवक छात्र भी बताए जा रहे हैं। हुक्का पीते हुए पकड़े जाने के बाद अभिभावकों के भी होश उड़ गए।