बस्ती। जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) रवीश गुप्ता ने राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश की ओर से त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि 19 अगस्त से 29 सितंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण करेंगे। इसमें एक जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी अर्ह लोगों का नाम सूची में शामिल किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि 19 अगस्त से 22 सितंबर तक निर्धारित की गई है। 23 से 29 सितंबर 2025 तक ऑनलाइन प्राप्त आवेदन पत्रों की घर-घर जाकर जांच की जाएगी। इसके बाद हस्तलिखित पांडुलिपि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करने की अवधि 30 सितंबर से छह अक्टूबर तक है।
15 जनवरी 2026 को निर्वाचन नामावलियों का अंतिम प्रकाश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा।