कप्तानगंज। क्षेत्र के मदनपुरा में ससुराल आए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। टिनशेड में उसका शव पाइप में फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है।
गोंडा जिले के कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज के कांशीराम आवास में रहने वाले जाहिद (40) पुत्र शाकिर हुसैन की शादी कप्तानगंज क्षेत्र के मदनपुरा में हुई थी। परिजनों के मुताबिक जाहिद की पत्नी चार दिन पहले मायके आ गई थी। रविवार की शाम को जाहिद भी ससुराल आ गया।
किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। उसके बाद सब लोग सोने चले गए। सोमवार को सुबह ससुराल के लोगों ने उसका शव टिनशेड के पाइप में फंदे से लटका देखा। ससुर अब्दुल गनी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।