बस्ती। जिले के 180 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन (एचटी) लाइन जल्द ही बिजली निगम हटाएगा। इसके लिए शासन स्तर से 1.36 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। बिजली निगम की ओर से भेजी गई आगणन रिपोर्ट मंजूरी होने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इससे विद्यालयों के नौनिहालों और यहां के शिक्षकों को डर के साए से छुटकारा मिलेगा।
लंबे समय से जनपद के चिह्नित परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से गुजरे एचटी तार को हटाने के लिए कवायद हो रही है। लेकिन, कागजी प्रक्रिया की जटिलता के कारण अब तक इन्हें हटाया नहीं जा सका है। शासन की सख्ती के बाद अब तार हटाने पर सहमति बनी है। इससे पहले चरण में जिले के 180 विद्यालयों के ऊपर से गुजरी लाइन को शिफ्ट किया जाएगा।
इस पर शासन से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू होंगे। अभी 52 विद्यालयों की आगणन रिपोर्ट बिजली निगम की ओर से नहीं दी गई है। इससे इन विद्यालयों से तार हटाने का बजट अभी जारी नहीं किया गया है। शिक्षकों का कहना है कि बिजली निगम को पिछले दो साल से सूची उपलब्ध कराई जा रही है, लेकिन फिर भी अब तक समाधान नहीं हुआ है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार तिवारी ने हर बीईओ स्तर से पिछले वर्ष रिपोर्ट बनवाई थी। रिपोर्ट को बिजली निगम को देते हुए प्रशासन को भी अवगत कराया गया था। इसके बाद निगम ने आगणन भेजा। अब बजट आने से लटक रहे तार और पोल हटाए जाएंगे। इससे विद्यालयों में अध्ययनरत नौनिहालों के सिर से खतरा टल जाएगा।