कोतवाली में 1090 महिला हेल्प लाईन के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करते आईजी राजेश मोडक।
- फोटो : BASTI
1090 एलईडी वैन रवाना, आईजी ने दिखाई हरी झंडी
- जिले स्तर पर 30 दिनों तक, मंडल स्तर पर 15 दिन भ्रमण करेगी वैन
- महिला अपराधों पर नियंत्रण और रोकथाम के बारे में करेगी जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महिलाओं पर होने वाले अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सोमवार को दो 1090 एलईडी वीडियो वैन रवाना की गई, जो मंडल के तीनों जनपदों में 30 दिनों तक भ्रमण कर जागरुकता फैलाएगी। कोतवाली में आयोजित सादे समारोह में आईजी राजेश मोडक ने हरी झंडी दिखाकर वैन को रवाना किया। इससे पहले कार्यक्रम में मौजूद लोगों को इस पहल के उद्देश्यों पर रूट चार्ट और विशेषताओं के बारे में बताया गया।
आईजी ने बताया कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराध पर नियत्रंण/रोकथाम व महिलाओं/बालिकाओं की जागरुकता/आत्मरक्षा के लिए एक एलईडी वैन मंडल स्तर पर 15 दिवस तक और दूसरी एलईडी वैन जनपद स्तर पर 30 दिवस तक डिजिटल सामग्री के माध्यम से कॉलेज, विद्यालय, चौराहे, बाजार आदि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिला सहायता/जागरुकता हेल्पलाइन नंबर 1090 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बताया कि वैन में महिला अधिकारों से संबंधित तमाम सामग्री वीडियो फार्मेट में उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर एसपी आशीष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर शक्ति सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष महिला थाना, प्रधानाचार्य राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज नीलम सिंह, प्रधानाचार्य कस्तूरबा गांधी, प्रधानाचार्य बेगम खैर इंटर कॉलेज व जनपद बस्ती की अन्य महिलाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।