बस्ती। उत्तर प्रदेश प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के सदस्यों का धरना सातवें दिन भी जारी रहा। धरने के समर्थन में शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निलंबित करके अधिकारियों ने कुंठित मानसिकता का परिचय दिया है।
कहा कि इस संघर्ष में शिक्षकों के हित के लिए प्रशासन से दो-दो हाथ करने के लिए तैयार हूं। खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका ममता देवी की प्रेग्नेंसी टेस्ट करके मर्यादा को तार-तार किया है। कहा कि 16 अप्रैल को 12 बजे तक यदि शिक्षकों के विरुद्ध एफआईआर और निलंबन वापस नहीं लिया जाता है तो एक बजे जिलाधिकारी कार्यालय पर इस घटना के विरोध में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक गिरफ्तारी देंगे। इसी क्रम में मंडलीय मंत्री राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि सात दिन से अनवतर चल रहे धरने को प्रशासन ने गंभीरता से नहीं लिया। बीएसए खंड शिक्षा अधिकारी बनकटी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस मौके पर उमा शंकर, उमाकांत पांडेय, सुरेश गौड़, राकेश मिश्रा, संतोष पांडेय, वंदना त्रिपाठी, ओम प्रकाश उपाध्याय, अनिल पाठक, सुधीर तिवारी, दिनेश सिंह, श्रुति त्रिपाठी, श्रीधरपाल, गौरव त्रिपाठी, नीरज सिंह, मीरा चौधरी, अब्दुल कादिर समेत तमाम शिक्षक शामिल रहे।