यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन की ओर से शुक्रवार को सभी बैंकों का हड़ताल रहा। बैंक की शाखाओं के ताला तक नहीं खुले। कामकाज प्रभावित हुआ। लेनदेन का कार्य नहीं हो सका। आम जन के साथ व्यापारी वर्ग हड़ताल से सबसे अधिक प्रभावित हुए। सभी बैंकों के यूनियन पदाधिकारी एसबीआई गांधीनगर पर एकत्र हुए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील कुमार श्रीवास्तव एवं संचालन सत्प्रीत सिंह ने किया।
जिन मांगों को लेकर बैंक कर्मी हड़ताल पर रहे, इनमें खराब लोन की वसूली का उपाय करना, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को सुदृढ़ करना, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का समेकन को रोकना, आईडीबीआई बैंक के निजीकरण को रोकना और लोन चूक कर्ताओं पर कार्रवाई शुरू करना शामिल है। हड़ताल में पीएनबी, बैंक आफ बड़ौदा, केनरा बैंक, यूनाइटेड बैंक, एसबीआई कोर्ट सहित अन्य बैंक शामिल रहे। एसबीआई कोर्ट एरिया के सचिव घनश्याम दुबे, सत्प्रीत सिंह, नरसिंह प्रसाद, पंचम प्रसाद, व पुरानी बस्ती शाखा के सचिव रमाशंकर मिश्र, एकाउंटेंट अब्दुर्रहमान, जगराम, एनके निगम, सुरेश चंद्रा, नगर बाजार शाखा के स्टाफ, बक्सर शाखा के अंजनी सिंह, सल्टौआ शाखा के मनोज सैनी, वीएस मिश्र, आइग्ऌ्पी सिंह, ऋतुराज बाथम, रवि तिवारी, राजेंद्र प्रसाद, आलोक जायसवाल अमित शुक्ल, रूधौली शाखा प्रबंधक अख्तर हुसैन सहित अन्य पदाधिकारियों ने धरने को संबोधित किया।