बस्ती। अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रतिपाल सिंह चौहान ने त्योहार और परीक्षाओं के मद्देनजर जिले में 15 फरवरी तक निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इस अवधि तक जिले में धरना-प्रदर्शन, जुलूस आदि प्रतिबंधित रहेगा।
एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने बताया कि पीसीएस और बोर्ड परीक्षा, मकर संक्रांति, गणतंत्र दिवस, बसंत पंचमी एवं तमाम महापुरुषों की जयंती के दृष्टिगत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
इस अवधि में पांच से अधिक लोगों का समूह सार्वजनिक जगहों पर एकत्र नहीं होंगे। ऐसा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। सभा अथवा आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति लेनी पड़ेगी। इसके अलावा किसी तरह अवैध हथियार, शस्त्र का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिए हैं। संवाद