गौर। बभनान चीनी मिल का गन्ना पेराई सत्र 2024-25 का शुभारंभ 21 नवंबर से शुरू हुआ है। शासन के निर्देशानुसार गन्ना किसानों का भुगतान भी समय से चीनी मिल की ओर से किया जा रहा है। चीनी मिल की ओर से चार दिसंबर तक किसानों के बैंक खाते में भुगतान भेज दिया गया है।
बभनान चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना दिनेश कुमार राय ने बताया कि 13 दिसंबर तक कुल 1.21 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की गई है। इसके सापेक्ष में चार दिसंबर तक 40 करोड़, 40लाख 29 हजार रुपये का भुगतान गन्ना किसानों के बैंक खाते में किया गया है। उन्होंने बताया कि सात सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से गन्ने की खरीद की जा रही है।
चार दिसंबर तक सभी समितियों का विकास अंशदान के रूप में 60.92 लाख रुपये भेज दिया गया है। महाप्रबंधक ने बताया कि गन्ना भुगतान के मामले में बभनान चीनी मिल पूर्वांचल में अग्रणी भूमिका निभा रही है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि चीनी मिल को साफ और ताज गन्ने की आपूर्ति करें। संवाद