संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर शनिवार को जनपद न्यायालय समेत कलक्ट्रेट एवं सभी तहसील मुख्यालयों पर लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस दौरान सुलह-समझौते के आधार पर विभिन्न प्रकार के 84,456 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें बैंक ऋण से संबंधित 60,644 मामले शामिल रहे। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण से जुड़े कुल 134 मामला निस्तारित किए गए। इससे क्षतिपूर्ति के रूप में तीन करोड़ 11 लाख 14200 रुपये की धनराशि प्राप्त की गई।
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनय कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन और सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला जज अनिल कुमार की देखरेख में जनपद न्यायालय परिसर, सभी ग्राम न्यायालय, सभी तहसील, राजस्व न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इस दौरान आपराधिक वादों के निस्तारण में 2 लाख 73 हजार 890 रुपये अर्थदंड एवं अन्य मामलों में कुल 91 लाख 68 हजार 93 रुपये प्राप्त किए गए।
कुल चार करोड़ 23 लाख 73 हजार 183 रुपये की वसूल की गई है। परिवार न्यायालय से 66 मामले निस्तारित हुए।
भानपुर संवाद के अनुसार तहसील एवं ग्राम न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत में 2048 मामले प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने 2155 मामले निस्तारित किए।
सुलह-समझौते के आधार पर न्यायाधिकारी गौरवदीप सिंह की सुनवाई में ईचालान, भारतीय न्याय संहिता व आदि वाद से संबंधित मामले निस्तारित किए गए। एसडीएम व सोनहा के न्यायालय में राजस्व संहिता, फौजदारी व अन्य वादों के मामलों का निस्तारण कराया गया।े