स्वस्थ एवं मजबूत प्रजातंत्र के लिए जरूरी है मतदान : वेंकटेश्वर लू
बस्ती। मतदान से पवित्र दूसरा कोई कार्य नहीं है। प्रजातंत्र के इस महापर्व में सभी नागरिकों को आहूति डालनी होगी। संविधान में प्रत्येक नागरिक को संविधान का पालन करना और उसके आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान का आदर करना भी शामिल है। भारत की प्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए प्रजातंत्र की प्रणाली को अपनाया गया है। इसको स्वस्थ एवं मजबूत रखने के लिए मतदान करना आवश्यक है।
यह उद्गार प्रदेश के प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी एवं दीनदयाल उपाध्याय, राज्य ग्राम विकास संस्थान के महानिदेशक एल. वेकटेश्वर लू ने व्यक्त किया। वे बृहस्पतिवार को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षा गृह में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वजों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान प्राणों की आहुति दी है। कहा कि अच्छे प्रतिनिधि का चुनाव और मतदान करना देश भक्ति है। प्रजातंत्र का बगीचा तभी हरा-भरा रह सकता है, जब समय-समय पर होने वाले निर्वाचन में प्रत्येक नागरिक मतदान का बीज, खाद, पानी एवं दवा दे। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बीएसए की ओर से बाल मनुहार एवं बुलावा टोली की प्रशंसा की। कहा कि इसे जिले के प्रत्येक गांव में अपनाने की जरूरत है।
विश्वास व्यक्त किया कि जिला शत प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा। कहा कि जिले की 13 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों को भी इस कार्य में लगाया जाना चाहिए। इसके पहले उन्होंने ऑडिटोरियम परिसर में बच्चों की ओर से सजाई गई आकर्षक रंगोली, खेल-कूद तथा मतदान संबंधी ज्ञानवर्द्धक चित्र का अवलोकन भी किया। आयुक्त गोविंद राजू एनएस ने कहा कि जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में अधिक से अधिक महिलाओं को मतदाता बनाने का कार्य किया है। डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने सभी का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि जिले में इस विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत अवश्य बढ़ेगा। सीडीओ डॉ. राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि मतदाता जागरुकता की गतिविधियां शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांव, ब्लॉक, तहसील में भी आयोजित की जा रही है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं कवि विनोद उपाध्याय ने बस्ती गौरवगाथा सुनाते हुए मतदाता जागरुकता का गीत भी सुनाया। बीएसए जगदीश शुक्ल ने बताया कि मतदान के दिन जिले स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। राष्ट्रपति पुरस्कृत शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने बीएसए की ओर से मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए बाल मनुहार बुलावा टोली नवाचार के बारे में बताया।
इस मौके पर संध्या दीक्षित तथा आशीष श्रीवास्तव ने मतदाता जागरुकता अभियान के अनुभवों को साझा किया। संचालन शिक्षक मानवी सिंह ने किया। इस मौके पर स्वीप नोडल/डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, डीआईओएस डीएस यादव, डॉ. विवेक, स्काउट गाइड के कुलदीप सिंह, डॉ. शैलजा आदि मौजूद रहे।