अतिक्रमण से बढ़ी मुश्किलें, आवागमन प्रभावित
बस्ती-महुली मार्ग पर सड़क की पटरियों पर बालू, मोरंग रख कब्जा किए हैं कारोबारी
कार्रवाई न होने से आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं
अमर उजाला ब्यूरो
महादेवा। बस्ती-महुली मार्ग पर भी अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। सड़क की पटरियों पर भी जगह-जगह बालू-गिट्टी का ढेर लगा कर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे आए दिन जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। आमजन इससे परेशान है। अतिक्रमण के चलते यहां दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।
सड़क पर अतिक्रमण का खेल चल रहा है। सड़क की पटरियों पर कुछ फुटपाथ दुकानदार जहां रोजी-रोटी के लिए कब्जा जमा लेते हैं वहीं कुछ रसूखदार कारोबारी पटरियों तक काबिज हो गए हैं। इसमें बालू-मोरंग के कारोबारी भी शामिल हैं। वे अब शहर के साथ ही साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क पटरियों को निशाना बना रहे हैं। सार्वजनिक उपयोग की खाली जमीन के साथ ही सड़क तक बालू-मोरंग गिरवाकर अतिक्रमण किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन इन पर कार्रवाई से बचता है। जबकि आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। सड़क के किनारे अतिक्रमण से वाहनों को साइड देने के चलते कभी-कभी अनहोनी हो जाती है। महादेवा से बनकटी के बीच में यह स्थिति अक्सर सामने आती है। गत दिनों दो गंभीर दुर्घटनाएं भी हुई हैं लेकिन इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई न होना जिम्मेदारों की उदासीनता का परिचायक है। स्थानीय निवासी रणजीत, गिरिजेश शुक्ल, शैलेंद्र, आशुतोष, राजन, दिनेश पाठक, अनिल तिवारी कहते हैं कि सुरक्षित आवागमन के लिए सड़क पटरी के साथ-साथ दोनों तरफ का अतिक्रमण भी हटवाया जाए इससे लोगों को आवागमन में होने वाली दुश्वारियों से छुटकारा मिलेगा।
एसडीएम सदर श्रीप्रकाश जायसवाल ने कहा कि सार्वजनिक जमीन पर अतिक्रमण को लेकर प्रशासन सतर्क है। सड़क की पटरियों पर कोई भी अतिक्रमण करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।