अधूरे निर्माण कार्यों को एक सप्ताह में पूरा कराएं
बस्ती। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त अनिल कुमार सागर ने विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मंडलीय अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के अधूरे निर्माण कार्य के लक्ष्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि वर्तमान माह में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग नोडल विभाग के रूप में टीमों के माध्यम से टीकाकरण, दवा वितरण का कार्य करा रहा है। ऐसे में ग्रामीण स्तर पर आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने रजिस्टर में आंकड़े सही ढंग से दर्ज नहीं कर पा रही है। उनके लिए निर्धारित प्रारूप का रजिस्टर जारी करने के लिए अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा को निर्देश दिया। एडी स्वास्थ्य को यह भी निर्देश दिया कि अभी तक लंबित भुगतान समय से न होने का कारण स्पष्ट करें तथा कार्यदायी संस्था का प्रस्ताव बनाकर भुगतान स्थगित रखें। उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की प्रगति की समीक्षा की। छात्रवृत्ति वितरण, ग्राम पंचायत विकास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं का भौतिक सत्यापन स्वयं करा लें, जिससे इसी वित्तीय वर्ष में लक्ष्य को पूरा किया जा सके। इस दौरान जिलाधिकारी बस्ती आशुतोष निरंजन, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर दीपक मीणा, जिलाधिकारी संतकबीरनगर रवीश गुुप्ता, संयुक्त विकास आयुक्त विजय कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलकित गर्ग, बब्बन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।