किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
रंग लगाने के बहाने घर में घुसा था युवक
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के एक गांव में युवक ने किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास किया। गुहार करने पर ग्रामीणों ने युवक पकड़ लिया। उसकी पिटाई भी की।
कप्तानगंज थानाक्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार शाम पांच बजे एक युवक किशोरी के घर में रंग लगाने के बहाने घुस गया। आरोप है कि किशोरी को पकड़ कर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन और गांव के लोग जुट गए। गुस्साए ग्रामीणों ने युवक की लात-घूसों से पिटाई कर दी। इससे वह बेहोश हो गया। कुछ देर तक मामले को दबाने के लिए युवक को नशे में होने की बात कहकर पंचायत चलने लगी।
शाम छह बजे किशोरी के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी कप्तानगंज भिजवाया। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में काफी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शनिवार को दोनों पक्षों को समझा बुझाकर सुलह करा दिया गया। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है।