बनकटी। लालगंज थाना क्षेत्र के कथरूआ गांव में बिजली कनेक्शन कटवाने के शक में गांव के ही लोगों ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया। घायल व्यक्ति की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। इस वारदात में छह लोग जख्मी हो गए।
गांव में तकरीबन एक सप्ताह पहले बिजली निगम के कर्मचारियों ने तीन घरों में बिजली के कनेक्शन की जांच की थी। इस दौरान एक व्यक्ति के घर अवैध कनेक्शन मिला तथा एक व्यक्ति के घर मीटर नहीं लगा था। बिजली निगम के कर्मचारियों ने दोनों कनेक्शनों काट दिया। बताया जाता है कि इससे क्षुब्ध राम पुजारी यादव और रमेश यादव को शक था कि भोला मौर्या ही बिजली निगम में उनके कनेक्शन की जानकारी दे रहा है।
भोला मौर्या ने लालगंज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे गांव के विजय शंकर यादव, शनि, रमेश, मिसलावती, रामपति, सुरेंद्र कुमार, नीतीश, निर्मला सहित आठ लोगों ने लाठी डंडे से लैस हो कर उसके तथा उसके परिवार पर हमला कर दिया। उसे गंभीर चोटें आई हैं। 17 वर्षीय बेटी रुक्मिणी व भाई रमेश (37), विजय शंकर (44) को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। संवाद