जिला अस्पताल में चिकित्सीय परामर्श के लिए पहुंचे मरीज संवाद
- फोटो : 1
बस्ती। जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। तापमान का उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल रहा है। इधर कई दिनों से चढ़ते पारा के चलते एक बार फिर जिला अस्पताल में वायरल बुखार, डायरिया और पेट संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बच्चे और बुजुर्ग अधिक चपेट में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को करीब 1050 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें ज्यादातर मौसम संबंधी बीमारियों से पीड़ित रहे। बच्चों और बुजुर्गों में बुखार और डायरिया के संक्रमण का असर ज्यादा देखा जा रहा है। इमरजेंसी और बच्चों के वार्ड में लगातार भर्ती मरीजों की संख्या बनी हुई है। इमरजेंसी वार्ड में कई मरीज पेट दर्द, बुखार और सांस संबंधी समस्या के साथ पहुंचे।
फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि बदल रहे मौसम की चपेट में आकर बच्चे और बुजुर्ग भी बीमार पड़ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह ने बताया कि बच्चों में वायरल बुखार के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत है। गंभीर बच्चे को तत्काल वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। बताया कि 50 प्रतिशत बच्चे दस्त से परेशान हैं। डिहाइड्रेशन के भी बच्चे हैं। वहीं, लगातार आ रहे मरीजों के चलते इमरजेंसी, चिल्ड्रेन वार्ड और मेडिकल वार्ड फुल हो गया है। मेडिसिन और बाल रोग विभाग में सर्वाधिक मरीज पहुंचे।