कोतवाली क्षेत्र के देवरांव घाट के पास हुई गिरफ्तारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टीम के साथ क्षेत्र के देवरांव के पास रविवार दोपहर घेराबंदी कर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 12 किलोग्राम गांजा और दो बाइक बरामद हुई।
कोतवाल शिवाकांत मिश्र ने बताया कि अजय कुमार सिंह चौकी प्रभारी रौतापार और प्रभारी एंटी नारकोटिक टीम योगेश कुमार सिंह चौकी रौतापार में मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए योजना बना रहे थे। इसी बीच सूचना मिली की दो मोटरसाइकिल से तीन व्यक्ति संदिग्ध वस्तु लेकर देवरांव पुल से होकर नगर की तरफ जाने वाले हैं। देवरांव पुल के पास टीम बाइक सवाराें का इंतजार करने लगी। करीब 11 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति आते हुए दिखे। रोकने पर वे भागने लगे तो घेर कर पुलिस ने पकड़ लिया गया। तलाशी में 12 किलो गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान उपेंद्र कुमार विश्वकर्मा निवासी नरौली थाना मवई जनपद अयोध्या, सुनील कुमार निवासी सोनहटी बुजुर्ग थाना पुरानी बस्ती व मोनू चौधरी निवासी करौता थाना खलीलाबाद जनपद संत कबीर नगर शामिल हैं। उपेन्द्र कुमार विश्वकर्मा के कब्जे से छह किलो गांजा व बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, सुनील कुमार के कब्जे से तीन किलो गांजा व मोनू चौधरी के कब्जे से तीन किलो गांजा व एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।