बस्ती। शहर के नियोजित विस्तार और नई आवासीय सुविधाओं के विकास की दिशा में बस्ती विकास प्राधिकरण ने कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम गणेशपुर में नई टाउनशिप विकसित करने के लिए भूमि चयन को मंजूरी दे दी गई है।
शनिवार को आयोजित प्राधिकरण की 17वीं बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली।
आयुक्त एवं बस्ती विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुड़घाट-गणेशपुर-दुबौलिया मार्ग स्थित ग्राम गणेशपुर की भूमि पर नई टाउनशिप विकसित करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी।
बैठक में जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य राजस्व अधिकारी एवं सचिव कीर्ति प्रकाश भारती, एक्सईएन अंकुर वर्मा, जेई रोहित पटेल, यशकांत सिंह, प्रेम सागर तिवारी, अशोक कुमार प्रजापति सहित प्राधिकरण के अधिकारी उपस्थित रहे।