बस्ती। शहरी क्षेत्र में बृहस्पतिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत मालीटोला, रगड़गंज एवं रहमतगंज में फागिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया। ईओ अंगद गुप्ता ने बताया कि संचारी रोग अभियान के दौरान सफाई और फागिंग कराई जा रही है तथा एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत नालियों के साफ सफाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत लोगों को साफ सफाई रखने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। संवाद
महिला अस्पताल में हुआ शिशुओं का टीकाकरण
बस्ती। जिला महिला चिकित्सालय के टीकाकरण कक्ष में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक टीकाकरण अभियान चलाया गया।इस दौरान 15 शिशुओं का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण प्रभारी ने बताया कि नवजात शिशुओं को बीसीजी, पेंटा, निमोनिया, पोलियो आदि बीमारियों से बचाव के लिए वैक्सीन प्रतिदिन लगाई जा रही है। अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों और अन्य चिकित्सा केंद्रों पर जन्म लेने वाले शिशुओं को निशुल्क टीकाकरण की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। संवाद
मलेरिया से बचाव के लिए किया जागरूक
बस्ती। शहर के इटैलिया, पुरानी सब्जी मंडी एवं रानी पोखरा क्षेत्र मेंं मलेरिया विभाग की ओर से सर्वे-स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। कर्मचारियों ने लोगों पुरानी सब्जी मंडी, इटैलिया एवं रानी पोखरा में लोगों की अभियान के तहत स्क्रीनिंग की एवं उन्हें बुखार से बचाव के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लोगों को बताया गया कि वे मच्छरों से बचाव के लिए बच्चों को पूरे बांह के कपड़े पहनाएं तथा अपने घरों के आसपास पानी एवं कूड़ा न एकत्र होने दे। मलेरिया इंस्पेक्टर ज्योति सिंह ने बताया कि मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। संवाद